बीए के छात्र ने कॉलेज प्रबंधक को मारी गोली, मौत
केडीएस न्यूज़डेस्क
बागपत- एक छात्र ने स्कूल के प्रबंधक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इंस्टिट्यूट में हुई इस घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोली मारने वालों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं प्रबंधक की इलाज के लिए मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
बागपत जनपद के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के लोयन गांव में स्थित हिमालयन कॉलेज डायरेक्टर गुलवीर पुत्र रामपाल उम्र 35 वर्ष निवासी लोयन को कॉलेज में ही बीए प्रथम वर्ष संस्थागत रूप से पढ़ने वाले छात्र ने गोली मार दी। प्रबंधक बुखार के कारण चार-पांच बाद कॉलेज आये थे। दोपहर लगभग एक बजे जब वे अपने ऑफिस में बैठे हुए थे तभी बाइक पर तीन युवक सवार होकर पहुंचे। बाइक को कॉलेज के बाहरी गेट पर ही खड़ा कर एक बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाला छात्र एडमिट कार्ड लाने की बात गार्ड को कहकर कॉलेज में प्रवेश लिया, जबकि दो बाहर ही बाइक चालू करके खड़े रहे। छात्र कॉलेज डायरेक्टर गुलवीर को उनके ऑफिस से बाहर बुलाकर ले आया। कॉलेज के भीतरी गेट के समीप बुलाकर छात्र ने गुलवीर को सीने में गोली मार दी। गोली मारकर छात्र वहां से भागने लगा, जिसे गार्ड ने रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन छात्र गार्ड को तमंचा दिखाते हुए अपने अन्य दो साथियों के साथ बाइक पर बैठ वहां से भाग निकला। आनन फानन में गुलवीर को बड़ौत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गम्भीर हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन गुलवीर ने मेरठ पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने कॉलेज स्टाफ से घटनाक्रम की जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले छात्र व अन्य दो साथियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें गठित कर दी है। सीओ बड़ौत आलोक सिंह का कहना है कि तीनों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Comments
Post a Comment