कोरोना वायरस का खौफ़, प्रशिक्षण हुआ निरस्त

तराई में भी दिखा कोरोना वायरस का खौफ़


कमलेश जायसवाल
खमरिया खीरी। 144 देशों सहित देश में फैल चुके कोरोना वायरस का खौफ अब जिले के तराई क्षेत्र में भी दिखाई पड़ने लगा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के द्वारा स्कूलों में कोरोना के चलते की गई छुट्टियों के बाद ईसानगर क्षेत्र में भी लोगों में भय व दहशत दिखाई पड़ने लगा है।
कोरोना वायरस के चलते शुक्रवार को मुख्यमंत्री के द्वारा स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा के बाद शनिवार को क्षेत्र में कोरोना का खौफ़ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिखाई पड़ने लगा। लोग डरे सहमे भीड़ भाड़ वाले इलाकों में जाने से कतराते दिखे। वहीं स्कूलों में छुट्टियों की जानकारी होने के बाद बच्चों में भी कोरोना वायरस की चर्चा जुबां पर आ गई।

मास्क लेने के लिए अस्पताल में लगी भीड़

कोरोना वायरस के खौफ़ के कारण शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया में मास्क लेने के लिए बच्चों से लगाकर नौजवानों,बुजुर्गों महिलाओं की भीड़ लग गयी। अस्पताल में मौजूद डॉ.माधौलाल सुमन व फार्माशिस्ट दिनेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि आज 400 लोगों को मास्क वितरित किये गए है। मास्क लेने वालों की संख्या आज पहली बार अस्पताल में अचानक बढ़ी है। जो आगे भी लगातार बढ़ने की संभावना दिखाई पड़ रही है।


गांवों में छायी कोरोना की दहशत

शनिवार को स्कूलों में छुट्टी होने के बाद ईसानगर क्षेत्र के गांवों में भी एकाएक कोरोना की दहशत दिखाई पड़ने लगी। गांवों के लोग स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर कोरोना से बचने के लिए मास्क लेने के लिए आतुर दिखे। साथ ही अपने बच्चों व परिवार के सदस्यों को कोरोना से बचने के लिए मास्क लगाकर ही घरों से बाहर निकलने व हर बार साबुन से हाँथ साफ़ करने की हिदायत देते नजर आये।

ईसानगर में शुरू हुआ सुजल एवं स्वच्छ गांव विषयक पर प्रशिक्षण निरस्त


कोरोना वायरस के डर से नोडल अधिकारी ने प्रशिक्षण किया निरस्त


खमरिया खीरी। शनिवार को ईसानगर ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत सुजल एवं स्वच्छ गांव विषयक पर ग्राम प्रधानों,ग्राम विकास अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ पर दोपहर बाद स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) उत्तर प्रदेश के नोडल अशिकारी द्वारा कोरोना वायरस के चलते प्रशिक्षण अग्रिम आदेशों तक देर सायं निरस्त कर दिया गया।
शनिवार को ईसानगर ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह,मुख्य विकास अधिकारी अरविंद सिंह व जिला पंचायत राज अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर ब्लॉक की सभी 81 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारियों को बुलाकर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत सुजल एवं स्वच्छ गांव विषयक पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण एडीओ पंचायत प्रमोद कुमार की मौजूदगी में पंचायती राज विभाग लखनऊ से आये मास्टर ट्रेनर वैभव वर्मा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से देना शुरू किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने गांवों में स्वच्छता एवं ग्रामीणजनों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन पर प्रकाश डाला। साथ ही गांवों में सोक पिट,वाटर रिचार्ज,सूखे एवं गीले कचड़े के निस्तारण के बारे में बताया। इसी बीच करीब चार बजे कोरोना वायरस को देखते हुए स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) उत्तर प्रदेश के नोडल अधिकारी के.एस.अवस्थी ने तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक प्रशिक्षण को निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया। जिसके बाद से एडीओ प्रमोद कुमार ने जारी आदेश का पालन करते हुए प्रशिक्षण बन्द करवा दिया। इस दौरान कम्प्यूटर ऑपरेटर निर्देश कुमार मौर्या सहित ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Comments