ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार- अशोक कटारिया

ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार- अशोक कटारिया



कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र प्रभार व जिले के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार शनिवार की शाम खीरी पहुंचे। उन्होनें विकास भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश एवं ओलावृष्टि से हुए फसलो के नुकसान तथा नोबल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के सम्बन्ध में की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की।

विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री ने तहसीलवार एक-एक कर सभी उपजिलाधिकारियों से ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने जनपद में ओलावृष्टि एवं बारिश से हुए नुकसान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 06 मार्च को हुयी बारिश एवं ओलावृष्टि में तहसील मितौली सर्वाधिक प्रभावित हुई थी। मितौली के 35 गांव के 538 किसान प्रभावित हुए थे। जिन्हें 16.51 लाख की धनराशि का मुआवजा शीघ्र ही उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि 13 मार्च को तहसील मोहम्मदी में सर्वाधिक क्षति हुई थी। मोहम्मदी के 16 गांव सर्वाधित प्रभावित हुए है इस आपदा में जनपद में 06 जनहानि एवं 05 पशुहानि हुई है। सम्बन्धित किसानों को शीध्र ही मुआवजा दिये जाने की कार्यवाही की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि जनपद में इस दैवीय आपदा से प्रभावित हुए सभी किसानों का सर्वे करा लिया जाय तथा उन्हें शीघ्रातिशीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाय।
इसी प्रकार नोबल कोरोना वायरस के संक्रमण के बारे में उन्होनें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. मनोज अग्रवाल से जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में जनवरी माह से ही इस वायरस से निपटने की तैयारी प्रारम्भ कर दी गई थी। नेपाल की सीमा से लगने वाले सभी चेकपोस्टों से आने वाले लोगो की जांच सुनिश्चित की जा रही हैै। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस संक्रमण से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाय। इसके लिए स्थानीय स्तर पर गठित विभिन्न समितियों तथा गैर सरकारी स्वैच्छिक संगठनों की भी मदद ली जाय। उन्होनें कहा कि प्रत्येक गांव में आशा-आंगनबाड़ी-सहायक अध्यापक-ग्राम विकास अधिकारी आदि को जोड़ते हुए उनके माध्यम से चैपाल आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाए। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया जाय। साथ ही यह आश्वस्त किया जाय कि इस संक्रमण से डरने की अपेक्षा इससे बचाव के तरीकों पर ध्यान देकर इसका मुकाबला किया जा सकता है। उन्होनें कहा कि ऐसी भी सूचनाएं मिली है कि मास्क और सेने टाइजर निर्धारित कीमत से कई गुना ज्यादा दामों पर बिक्री की जा रही है। इस पर अविलम्ब कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सरकार ने उक्त दोनो वस्तुओं को आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्र्तगत सम्मिलित कर लिया है। जिससे उन्हें किसी भी दशा में अंकित अधिकतम मूल्य से अधिक दाम पर नही बेचा जा सकता है। ऐसा करने वालो के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उन्हें अविलम्ब राहत पहुंचायी जाय


प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की जानमाल की सुरक्षा के लिए कटिवद्ध है। जिन किसानों की फसल खराब हुई है। उन्हें अविलम्ब राहत पहुंचायी जाय। जिन किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत अपना पंजीयन कराया है। बीमा कम्पनी के माध्यम से उनका भी आकलन सुनिश्चित किया जाय। सरकार सभी किसानों को शीघ्रातिशीघ्र राहत पहुंचाने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है। अतः नुकसान का सर्वे अतिशीघ्र करा लिया जाय।
इसके उपरांत प्रभारी मंत्री तहसील मितौली के न्याय पंचायत कस्ता के मजरा रतहरा के किसानों के खेत पर पहुंचे एवं उनकी फसल को हुए नुकसान को देखा तथा किसानों को सरकार की तरफ से प्रदान की जाने वाली मुआवजे की धनराशि शीघ्रातिशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश उपजिलाधिकारी मितौली को दिया। इस दौरान विधायक योगेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेन्द्र सिंह सहित डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द सिंह, डीडी कृषि टीएम त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह, डीसी मनरेगा राजनाथ प्रसाद भगत, सहायक निदेशक सूचना रत्नेश चन्द्र सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी, किसान मौजूद रहे।

Comments