कोरोना संक्रमण- जो हुआ वह 14 दिन पूरे होने के बाद हुआ

कोरोना संक्रमण- जो हुआ वह 14 दिन पूरे होने के बाद हुआ



14 दिन तक क्वॉरेंटाइन किए जाने के बाद ही सभी मजदूरों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार उनके घरों के लिए छोड़ा गया है। यह सभी अभी अपने घरों में भी क्वॉरेंटाइन रहेंगे। इन सभी का डॉक्टरी परीक्षण स्वास्थ्य टीम द्वारा किया गया है।

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र के पिपरिया विद्यालय में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर से शुक्रवार को आठ मजदूरों को शपथ पत्र लेकर छोड़ दिया गया। यह सभी मजदूर करीब 14 दिनों से विद्यालय में क्वॉरेंटाइन थे।

थाना नीमगांव प्रभारी राजकुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सभी मजदूर अलग-अलग जगहों से मजदूरी कर वापस आए थे। गांव आने के बाद इन्हें स्थानीय पिपरिया विद्यालय में क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाकर रखा गया था। सभी आठ मजदूरों को 14 दिन पूरे होने के बाद शुक्रवार को डॉक्टरों द्वारा जांच पड़ताल कर छोड़ा गया है। इस दौरान प्रशासन की ओर से लेखपाल व प्रधान भी मौजूद थे, साथ ही इन सभी का गहन स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया था। किसी में भी कोरोनावायरस से संबंधित कोई लक्षण नहीं मिला है। मौके पर पुलिस फोर्स भी तैनात की गई थी। सेंटर से मजदूरों के भाग जाने के सवाल पर उन्होंने बताया कि कोई भी मजदूर यहां से नहीं भागा है जो खबर चलाई जा रही है वह पूरी तरह असत्य है जो प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित है उसी के तहत सभी मजदूरों को उनके घर जाने के लिए छोड़ा गया है।

Comments