धौरहरा पहुंचे आईजी, डीएम-एसपी के साथ मस्जिद का किया निरीक्षण

धौरहरा पहुंचे आईजी, डीएम-एसपी के साथ मस्जिद का किया निरीक्षण


देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। धौरहरा कस्बे में तीन कोरोना पॉजिटिव जमाती मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने कस्बा धौरहरा को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया है। जिसके बाद शनिवार दोपहर बाद धौरहरा पहुंचे आईजी जोन ने डीएम और एसपी के साथ मस्जिद का निरीक्षण कर कस्बे का भ्रमण किया।
  शनिवार दोपहर कस्बे की कोतवाली धौरहरा पहुंचे आईजी जोन एसके भगत ने डीएम शैलेन्द्र सिंह और एसपी पूनम के साथ कस्बे का भ्रमण किया और हॉटस्पॉट घोषित कूबा मरकज मस्जिद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कस्बे में सर्वे कर रही टीम से रूककर जानकारी ली और वहीं आस-पास की छतों पर खड़े लोगों को सोशल डिस्टेंस बनाकर रहने व मास्क लगाने के लिए भी जागरूक किया। कस्बे में मुख्य मार्गो से होते हुए हॉटस्पॉट कूबा मरकज मस्जिद पहुंचे आईजी जोन ने डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह और एसपी पूनम से स्थिति की जानकारी ली और प्रशासन को निर्देशित किया कि लॉक डाउन का पूर्ण रूप से पालन कराया जाए। आईजी जोन ने कहा कि जहां भी हॉटस्पॉट है उस एरिया को पूरी तरह सील करते हुए कस्बे के तीन किलोमीटर दूर तक कम्पलीट लॉकडाउन का पालन कराया जाए।


उन्होंने एसडीएम एस.सुधाकरन और सीओ अभिषेक प्रताप से भी मस्जिदों में मिले तब्दीली जमातियों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा जमातियों के सम्पर्क में आए जो लोग क्वारंटीन किये गए हैं, उनके बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान एडिशनल एसपी शैलेन्द्र लाल, तहसीलदार धौरहरा अनिल कुमार यादव, ईओ धौरहरा जितेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव व सुनील कुमार सिंह साथ मौजूद रहे।

Comments