बढ़ाए गए लॉक डाउन के बाद डीएम-एसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। बुधवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कोविड-19 के दृष्टिगत विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों की अध्यक्षता में गठित की गई सभी 12 टीमों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की और सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताते चले कि लाकडाउन के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए समस्त तैयारियों सुनिश्चित करने के उददेश्य से जिलाधिकारी द्वारा इन समितियों को गठित किया गया था। डीएम ने गठित समितियों के नोडल अधिकारियों से अबतक कृत कार्यवाही एवं समिति के सम्मुख आने वाली विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की और उनके निराकरण के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि मालवाहकों के परिवहन में किसी प्रकार की कोई रोक नहीं है, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति श्रंखला बनाये रखने में जिला प्रशासन पूरी तरह कटिवद्ध है। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जमाखोरी करने वालों पर कार्यवाही में कतई न हिचके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप सभी पात्र व्यक्तियों को प्रत्येक दशा में लाभान्वित किया जाय, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होनें कहा कि ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के तहत प्रति यूनिट खाद्यान्न भारत सरकार के स्तर पर भी हर लाभार्थी को निःशुल्क उचित दर दुकानों के माध्यम से वितरित किया जा रहा है, संकट के इस समय में केन्द्र व प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। वहीं पुलिस अधीक्षक पूनम ने कहा कि लाॅकडाउन को पूरी सख्ती के साथ लागू करवाने हेतु निर्देश दिये गए है, प्रतिदिन भ्रमणशील रहकर वह स्वयं भी लाॅकडाउन सुनिश्चित कराने एवं लोगों के मध्य सोशल डिस्टेंसिंग हेतु निर्देश दिये जाते है। उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने का सबसे कारगर तरीका सोशल डिस्टेंसिंग है, इसलिए लाॅकडाउन की अवधि में जो जहां मौजूद है, वही रहे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द सिंह ने भारत सरकार द्वारा लाॅकडाउन के सम्बन्ध में जारी नये नियम एवं निर्देशों को रेखाकिंत किया एवं इसके शत-प्रतिशत अनुपालन कराने हेतु सभी को निर्देशित किया। बैठक में गठित सभी 12 समितियों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment