अगर सीधे गांव पहुंचे प्रवासी मजदूर तो इन नंबरों पर करें शिकायत

अगर सीधे गांव पहुंचे प्रवासी मजदूर तो इन नंबरों पर करें शिकायत


मजदूरों के गांव को हॉटस्पॉट बनाकर किया गया सील

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। 14 प्रवासी मजदूरों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने जहां प्रवासी मजदूरों के गांव हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया है। वहीं ऐसे मजदूरों की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं, जो बिना किसी सूचना अपने संसाधन से सीधे गांव पहुंच रहे हैं। ऐसे लोगों की शिकायत गांव का कोई भी व्यक्ति जारी किए गए टोल फ्री नंबर पर कर सकता है।

डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया की मुंबई से आए प्रवासी मजदूरों में अब तक 14 मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी संस्थागत क्वॉरेंटाइन सेंटर में पहले से ही हैं। वहीं गांव चौरठिया के दो मजदूर जो मुंबई में काम करते थे और बिना सूचना दिए गांव तक आ पहुंचे थे, उनके भी पॉजिटिव जाने के बाद इस गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। ऐसे प्रवासी मजदूरों से गांवों के लोगों को बचाने के लिए प्रशासन द्वारा एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिस पर गांव का कोई भी व्यक्ति ऐसे मजदूरों की सूचना दे सकता है  जो  बाहर किसी अन्य राज्य में काम करते थे और अचानक गांव पहुंचे हैं और उन्होंने  शासन-प्रशासन को अपनी रिपोर्ट नहीं दी है। इसके लिए कोविड-19 कंट्रोल रूम के नंबरों 9044399100, 8009022200, 05872-278100, 05872-259985, 05872-252160 पर अनिवार्य रूप से सूचना दी जा सकती है। ऐसा करना इसलिए बेहद जरूरी है ताकि इनसे कोई अन्य व्यक्ति संक्रमित न हो, गांव के हर एक व्यक्ति की यह जिम्मेदारी है कि वह ऐसे आने वाले मजदूरों की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबरों पर दे ताकि वह खुद व उसका परिवार और उसका गांव कोरोना से सुरक्षित रह सकें।

Comments