एनएचएम संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तरह मिले लाभ
लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत समस्त संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की भांति लाभ दिलाने के लिए भाजपा के जिला अध्यक्ष व सदर विधायक ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र भेजा है। जिस पर संघ के पदाधिकारियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला मीडिया प्रभारी देवनंदन श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में जिला अध्यक्ष सुनील सिंह व सदर विधायक योगेश वर्मा ने लिखा है कि कोरोना महामारी के दौरान भी उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्य कर रहे समस्त संविदा कर्मचारी व आउटसोर्सिंग कर्मचारी अपनी जान को जोखिम में डालकर लगन और मेहनत से इस महामारी से प्रदेश को निजात दिलाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। यह सभी अल्प मानदेय भोगी है इन्हें नियमित कर्मचारियों की भांति लाभ दिया जाना चाहिए इसके लिए दोनों ने ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर उनसे यह गुजारिश की है। जिसके बाद प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की लखीमपुर इकाई के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष सुनील सिंह व सदर विधायक योगेश वर्मा से मुलाकात कर उनको धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान संघ संरक्षक अवधेश पटेल, जिला अध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, महामंत्री देवेंद्र पांडे, कोषाध्यक्ष विजय वर्मा, संजय राय व अभिषेक मिश्रा आदि कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment