व्यापारी से फिरौती मांगने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। पुत्र का अपहरण करने की धमकी देकर व्यापारी से 12 लाख की फिरौती मांगने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास से वारदात के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल भी बरामद हुआ है।
एसपी खीरी पूनम द्वारा शुक्रवार की शाम जानकारी देते हुए बताया गया कि थाना नीमगांव के कस्बा बेहजम के व्यापारी लक्ष्मीकांत त्रिवेदी के पास एक फोन आता है, जिसमें उनसे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 12 लाख की फिरौती मांगी जाती है। मांग पूरी न करने पर व्यापारी के पुत्र को अपहरण करने की धमकी दी जाती है। जिस पर लक्ष्मीकांत द्वारा थाना नीमगांव में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसके बाद पुलिस ने बेहजम के एक इंटर कॉलेज की घेराबंदी कर शुक्रवार को बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही स्थान था जहां बदमाशों द्वारा रुपए लेकर व्यापारी लक्ष्मीकांत त्रिवेदी को बुलाया गया था। पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से घटना में उपयोग किए गए मोबाइल को भी बरामद किया गया है। इनकी पहचान अनिकेत वर्मा उर्फ मोनू पुत्र सत्येंद्र वर्मा निवासी गांव श्यामपुर झरवा व अभय चौधरी पुत्र देशराज चौधरी निवासी ग्राम अनवर नगर कस्बा बेहजम थाना नीमगांव के रूप में हुई है। दोनों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Comments
Post a Comment