साहब शादी करने निकले थे ठगों का हो गए शिकार
खमरिया-खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र में शादी करवाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गये है। इन गिरोहों में कुछ महिलायें भी शामिल है जो अपने साथियों के साथ लोगों से शादी करने के नाम पर ठगी कर रफूचक्कर हो जाती है। वहीं इनके चुंगल में ऐसे लोग आसानी से फंसकर इनका शिकार बन जाते है जिनकी किन्हीं कारणों से शादी नहीं होती है। ऐसा ही मामला क्षेत्र कि ग्राम पंचायत मटरिया में देखने को मिला, जहां लॉक डाउन के दौरान 30 वर्षीय पैरों से विकलांग ऊधम इन ठगों का शिकार हो गये। ऊधम व इनके भाई एवं माता ने बताया कि नवरात्र के पहले शादी करवाने का झांसा देकर पड़ोसी जनपद सीतापुर के थाना लहरपुर क्षेत्र के ग्राम बहिया बहिरामपुर निवासी राजू, रामू व सुचित्तर ने पहले 45 हजार रुपये नकद ले लिए। वहीं गोरखपुर से लाई गई एक महिला को आगे कर करीब 25 हजार के जेवर एवं कपड़े दिलवाकर 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। लगभग दो माह पहले हुई इस ठगी के बाद जब ऊधम ने ठगों से लगातार अपने रुपये मांगने शुरू किए, तब ठगों ने पहले तो इधर-उधर की बातें बताकर दूसरी लड़की से शादी करवाने का झांसा देते रहे लेकिन पांच दिन पहले उक्त ठगों ने फोन करके बताया कि अब रुपये नहीं मिल पाएंगे, जो रुपये तुमने दिए है, समझ लो चोरी हो गए या पानी में गिर गये। इतना कहने के बाद ठगों ने फोन बंद कर लिया। जमापूंजी की ठगी होने के बाद पूरा परिवार काफी परेशान है। इस दौरान ऊधम व उसकी माता एवं बड़े भाई द्वारा दिए गए रुपये वापस पाने के लिए इधर-उधर जोरआजमाइश तो की पर भी कोई हल नहीं निकला। चारों तरफ से मायूसी हाथ लगने के बाद अब ऊधम सहित परिवारीजन अपने को ठगा मसहूस कर रहे है।

Comments
Post a Comment