आज किसानों का रहेगा सड़कों पर कब्जा, 11 बजे से तीन बजे तक सड़को पर निकलना होगा मुश्किल
पंकज कश्यप केडीएस न्यूज़ नेटवर्क
सीतापुर- अगर आज आपघर से बाहर कहीं काम पर जा रहे हैं तो या तो कार्यक्रम निरस्त कर दें या फिर हर हाल में अपने गंतव्य तक 11 बजे से पहले पहुंच जाएं।पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 11 बजे से तीन बजे तक किसानों का चक्का जाम रहेगा। भाकियू व राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने आज चक्का जाम का एलान किया है। केवल अंतिम यात्रा वाहन और एंबुलेंस को ही किसान निकलने देंगे। चक्का जाम में फंसने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।
केंद्र सरकार की ओर से पारित किए गए विधेयकों सहित अनेक समस्याओं को लेकर किसानों में उबाल है। किसान इन विधेयकों को वापस लेने या संशोधन करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार की ओर से अब तक इस ओर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। इसके विरोध में भाकियू ने सीतापुर जिले के सभी ब्लॉको व तहसीलो के साथ हाइवे पर चक्का जाम का एलान किया है। चक्का जाम के दौरान किसी को भी सड़क पार नहीं करने दी जाएगी। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने भी चक्का जाम करने का एलान किया है।
जनता भी करे किसानों का सहयोग
भाकियू के युवा जिला अध्यक्ष हाजी रिजवान का कहना है कि शुक्रवार को चक्का जाम रहेगा। किसानों का हित पहले है। जनता भी चक्का जाम के दौरान किसानों का सहयोग करे। ये लड़ाई सभी के लिए है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वी0 एम0 सिंह का कहना है कि किसानों के हक की लड़ाई लड़ी जा रही है। अगर विधेयक लागू हो गए तो जनता को भी नुकसान उठाना होगा।
Comments
Post a Comment