संदिग्ध परिस्थितियों में किसान की मौत, हत्या का आरोप
गोला मंडी से धान बेचकर वापस घर आ रहा था किसान पंकज कुमार
दो अन्य साथियों के साथ मृतक ने पी थी शराब, घर के पास लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला था पंकज कुमार
रवि शर्मा केडीएस न्यूज़ नेटवर्क
मैगलगंज-खीरी। थाना मैगलगंज क्षेत्र के अन्तर्गत एक किसान अपने घर के करीब संदिग्ध परिस्थितियों में लहुलुहान अवस्था में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे मितौली सीएचसी ले गये, जहां से लखीमपुर रेफर कर दिया गया। यहां कुछ देर चले इलाज के बाद किसान ने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इधर एएसपी व सीओ मितौली ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनांे से घटना के सम्बन्ध में जानकारी हासिल की।
जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार (26) पुत्र प्रहलाद निवासी ग्राम बल्लीपुर थाना मैगलगंज बीती शाम लहूलुहान अवस्था में घर से तकरीबन 100 मीटर दूरी पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और डायल हंड्रेड को फोन लगाया। डायल हंड्रेड भी मौके पर पहुंची और डॉक्टरी परीक्षण हेतु मितौली सीएचसी भेजा। जहां मितौली सीएचसी में डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पर देर रात्रि में मौत हो गई। बताया जाता है कि पंकज कुमार बुधवार शाम छह बजे के करीब धान बेचकर गोला से घर आ रहा था कि रास्ते में फत्तेपुर में दो अन्य साथियों के साथ पंकज कुमार ने शराब पी। इसके बाद घर के नजदीक पंकज कुमार लहूलुहान अवस्था में मिला। वहीं उसका दूसरा साथी युवक शराब के नशे में बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस पूछताछ में साथी ने बताया कि हम अत्यधिक नशे में हो गए थे हमें कोई भी जानकारी नहीं है किस तरीके से इसकी मौत हुई है। वहीं दोनों आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि हम लोग गोला मंडी से धान बेचकर आए थे, शराब हम लोगों ने भी पी थी और पंकज कुमार ने भी पी थी। इसके साथ में एक अन्य लोग और साथ थे, उसने भी शराब पी। काफी नशे में हो गए थे तो हम लोग घर पर आ गए और इन दोनों लोगों को मैंने ट्रैक्टर ट्राली से इनको घर के पास में उतार दिया, जिसके बाद हम घर चले गए। इधर हत्या की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी अरूण कुमार सिंह, सीओ मितौली मौके पर पहुंचे और सारी जानकारी हासिल की। वहीं मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी की तहरीर पर हरजीत सिंह पुत्र जसपाल सिंह व बसंत सिंह पुत्र दर्शन सिंह पर मैंगलगंज पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी मैगलगंज चंद्रकांत सिंह ने बताया कि मामला अभी संदिग्ध लग रहा है, किस तरीके से मौत हुई है, यह जानकारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पंकज की मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।
Comments
Post a Comment