अवधी बुलेटिन के लोकार्पण से हर्षाया अवधी समुदाय
पंकज कश्यप/सतेन्द्र के डी एस न्यूज़ नेटवर्क
सिधौली। भोजपुरी बुलेटिन, अंग्रेजी बुलेटिन, हिन्दी बुलेटिन सहित अनेकानेक भाषाओं के बुलेटिन को जब मै सुनता हूँ । तब अपनी मातृभाषा अवधी का बुलेटिन न होने से मन में ठेस पहुँचती थी । हृदय में इस बात को लेकर बड़ी कसक होती थी । इसलिए भाखा पत्रिका परिवार और अन्यान्य अवधी अनुरागियों के आग्रह पर अवधी बुलेटिन का प्रकल्प शुरु करने की एक पहल हुई है ।
यह कहना है तहसील क्षेत्र अल्लीपुर गाँव के निवासी, अवधी के अनुपम आराधक, अवधी बुलेटिन के प्रस्तोता देवेन्द्र कश्यप 'निडर' का।
बताते चले गत दिवस अन्तरराष्ट्रीय भाषा संस्थान सूरत और लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त उपक्रम भाखा महोत्सव - 2021 जो राधा कमल मुखर्जी सभागार लखनऊ विश्वविद्यालय में सम्पन्न हुआ । इस अवधी के दिव्य और भव्य कार्यक्रम में देवेन्द्र कश्यप 'निडर' ने अपने अवधी बुलेटिन के सपने का साकार करने का साहस किया । वह बताते हैं कि उ प्र हिन्दी संस्थान लखनऊ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर सदानन्द प्रसाद गुप्त, उ प्र भाषा संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ राजनारायण शुक्ल, हिन्दी साहित्य सम्मेलन प्रयाग के सभापति आचार्य सूर्य प्रसाद दीक्षित और अन्तरराष्ट्रीय भाषा संस्थान सूरत के अध्यक्ष व गुआंगदांग वैदेशिक अध्ययन विश्वविद्यालय चीन में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद के पूर्व चेयर पर्सन डॉ गंगा प्रसाद शर्मा 'गुणशेखर' के कर कमलों से अवधी बुलेटिन का लोकार्पण किया गया । जिस समय अवधी बुलेटिन की शुरुआत में "पंचों राम राम" की आवाज आई लोगों के चेहरे खिल उठे । सभी लोग उत्सुकता पूर्वक अवधी बुलेटिन को सुनने लगे । देश के कई क्षेत्रों से अवधी प्रेमियों ने अवधी के इस नवाचार का हृदय से अभिनन्दन किया है । भाखा के सम्पादक विनय शुक्ल व सह सम्पादक ओम प्रकाश अत्रि द्वय ने बताया कि इस अवधी बुलेटिन का प्रसारण पाक्षिक होगा जिसे अवधी बुलेटिन भाखा चैनल पर सुन सकते हैं ।

Comments
Post a Comment